बालोद

36 लाख का गांजा जब्त, एक नाबालिग समेत 5 तस्कर गिरफ्तार, एक फरार
10-Jun-2026 7:18 PM
36 लाख का गांजा जब्त, एक नाबालिग समेत 5 तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा, 10 जून। बालोद जिला पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने डौंडीलोहारा-बालोद मार्ग पर ग्राम भेड़ी तिराहा के पास नाकाबंदी कर अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 72.621 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 36,31,050 बताई गई है। इस मामले में मध्य प्रदेश के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि एक नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, 9 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चार मोटरसाइकिलों पर सवार होकर छह लोग ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर मध्य प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर और उप पुलिस अधीक्षक बोनी फॉस एक्का के निर्देशन में थाना प्रभारी डौंडीलोहारा सुनील तिर्की और सायबर सेल की टीम ने भेड़ी तिराहा के पास एंबुश लगाकर नाकाबंदी की।

तस्करी का अनूठा तरीका

पुलिस जांच में तस्करों द्वारा गांजा छिपाने के लिए अपनाए गए विशेष तरीके का खुलासा हुआ है। सबसे आगे चल रही मोटरसाइकिल (एमपी 38 जेडए 6414) पर दो लोग सवार थे, जो आगे के रास्ते की निगरानी (रेकी) कर रहे थे। पुलिस को देखकर इस गाड़ी पर पीछे बैठा एक व्यक्ति कूदकर फरार हो गया। इसके पीछे चल रही दो मोटरसाइकिलों के पिछले हिस्से में लोहे की रॉड-पट्टी से विशेष कैरियर बनाए गए थे। इनके ऊपर काले रंग के बड़े प्लास्टिक टब रखे गए थे।

कुल 28 टबों में से केवल ऊपर के दो टब सही थे, जबकि नीचे के सभी टबों के पेंदे (सतह) को काटकर होल बनाया गया था। इन्हीं कटे हुए टबों के भीतर भूरे रंग के पैकेटों में गांजा छिपाकर रखा गया था। चौथी मोटरसाइकिल पर सवार दो अन्य लोग पीछे से आ रहे वाहनों और रास्ते पर नजर रख रहे थे।

पुलिस ने घेराबंदी कर चारों वाहनों को रोका और तलाशी के दौरान 72.621 किलोग्राम गांजा (कीमत 36,31,050), तस्करी में प्रयुक्त 4 मोटरसाइकिलें (जिनमें बिना नंबर की एचएफ डीलक्स/साइन और एमपी पासिंग वाहन शामिल हैं),  4  मोबाइल जब्त कीं।

पकड़े गए सभी आरोपी मध्य प्रदेश के रायसेन और सागर जिले के निवासी हैं, जिसमें श्याम गोड़ टपराटोला, जिला रायसेन (म.प्र.), पवन गोड़ वार्ड नंबर 13, राहतगढ़, जिला सागर (म.प्र.),  प्रदीप चौहान ग्राम टपरापठारी, जिला रायसेन (म.प्र.), संजय कुमावत ग्राम टपरा पठारी, जिला रायसेन (म.प्र.) व एक नाबालिग) है।


अन्य पोस्ट