बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 27 मई। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 94 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 24 मई की शाम करीब 7.45 बजे की है। बताया जा रहा है कि 94 वर्षीय मोहन सिंह सडक़ पार कर रहे थे, तभी तेज गति और लापरवाही से बाइक चला रहे युवक भूपेंद्र निषाद ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल मोहन सिंह को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद कुछ घंटे तक उनकी हालत गंभीर बनी रही और धीरे-धीरे उनकी स्थिति और खराब होती गई। देर रात इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना का पूरा दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मोहन सिंह सडक़ पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक क्रमांक सीजी 24 सी 5592 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मदद के प्रयास शुरू किए गए। मामले में पुलिस ने बाइक चालक भूपेंद्र निषाद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए), 281 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वार्ड वासियों ने विभाग से इस जगह पर गति अवरोधक, बैरिकेट या अन्य कोई उपाय करने की मांग की है ,क्योंकि इस स्थान पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी है।


