बालोद

नाकामियों को छिपाने निरर्थक बयानबाजी कर रहे हैं कांग्रेसी-पालिकाध्यक्ष
27-May-2026 4:54 PM
नाकामियों को छिपाने निरर्थक बयानबाजी कर रहे हैं कांग्रेसी-पालिकाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्ली राजहरा, 27 मई। भाजपा सरकार की बहु प्रतीक्षित जलावर्धन योजना के तहत घर-घर पेयजल पहुंचाया जाना है। पूर्व में भाजपा शासनकाल में नगर के प्रमुख क्षेत्र में बड़ी-बड़ी टंकी लगाई गई थी, जिसका उपयोग कांग्रेस सरकार ने अपने 5 साल के कार्यकाल में नहीं कर पाई। अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए अब ऊलजलूल बातें कर नगरवासियों में भ्रम फैलाने का काम कांग्रेसियों द्वारा किया जा रहा है।  उक्त बातें नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने कही।

नगर पालिका अध्यक्ष ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि नगर पालिका में भाजपा जीतने के बाद तत्काल जल आवर्धन योजना को मूर्त रूप देने की दिशा में कार्य करने का काम नगर पालिका द्वारा किया गया है। इस संबंध में लगातार अधिकारियों से मीटिंग कर कार्य को तत्काल पूर्ण किए जाने के संबंध में कहा गया है, वहीं उच्च अधिकारियों द्वारा बालोद जिला के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अभियंता को निर्देशित भी किया गया है।

कुसुमकसा से बालोद मार्ग पर स्थित टोल प्लाजा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के दौरान सडक़ के नीचे जलापूर्ति के लिए बिछाए गए मुख्य जल प्रवाह पाइप को ठेकेदार के कर्मचारियों के द्वारा लगभग 3 किलोमीटर तोड़े जाने के कारण जो जल आपूर्ति मार्च में पूर्ण की जानी थी, उसे अब आने वाले कुछ माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव,प्रदेश के मुख्य अभियंता सहित संभाग के अभियंता, सभी अधिकारियों द्वारा तत्काल कार्य को पूर्ण कराए जाने का आश्वासन प्राप्त हुआ है, वहीं उच्च अधिकारियों द्वारा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देशित भी किया गया है।

आने वाले दिनों में जल आवर्धन योजना के तहत नगर के सभी वार्डों में पेयजल समस्या से नगर वासियों को निजात मिलेगी और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेसियों को अवसर भी प्राप्त नहीं होने वाला है। पूरे देश में कांग्रेस मुक्त राज्य की बयार चल रही है और यहां के कांग्रेसी सपने देखकर अब संभावनाएं तलाश रहे हैं, जो अब पूरा होना असंभव प्रतीत होता है।

 उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश से लेकर नगर पालिका तक नगर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जल्द ही नगर में वर्षों से निवास रत कब्जाधारियों को पट्टा की सौगात भाजपा सरकार देने जा रही है। पट्टा मिलते ही प्रधानमंत्री आवास जैसे केंद्र सरकार की योजनाएं नगर में संचालित होगी और नगरवासियों को हर तरह की सुविधा प्राप्त होगी।


अन्य पोस्ट