बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 23 मई। छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (दल्लीराजहरा इकाई) के प्रतिनिधिमंडल ने दल्लीराजहरा स्टेशन आगमन पर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक और सीनियर डीसीएम से मुलाकात की। अध्यक्ष अमित कुकरेजा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व की मांगों को पूरा करने के लिए रेल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया और नई सुविधाओं हेतु ज्ञापन सौंपा।
प्रमुख मांगें- अंतागढ़-रायपुर ट्रेन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कोचों की संख्या 8 से बढ़ाकर 12 करने और इसमें एक वातानुकूलित बोगी जोडऩे की मांग की गई। दल्लीराजहरा-दुर्ग डेमू ट्रेन, जो वर्तमान में सप्ताह में केवल तीन दिन चलती है, उसे यात्रियों की सुविधा हेतु सप्ताह के सातों दिन नियमित रूप से संचालित करने का आग्रह किया गया। दल्लीराजहरा मुख्य बाजार में विस्थापित आवंटन (अलॉटमेंट) और गैर-आवंटनधारियों की दुकानों की प्रक्रियानुसार नवीनीकरण की मांग की गई। दल्लीराजहरा रेलवे स्टेशन को सर्वसुविधायुक्त बनाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर इकाई अध्यक्ष अमित कुकरेजा, महामंत्री भूपेंद्र डहरवाल, प्रमुख सलाहकार संजय बैस, झूमर लालजी छाजेड़, राजू सोनी, व्यापारी संघ से अशोक लोहिया, प्रेम जायसवाल और अनाज किराना संघ से सुरेश जायसवाल सहित अन्य व्यापारी साथी उपस्थित रहे।
चैम्बर के पदाधिकारियों ने बताया कि ये मांगें क्षेत्र के यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।


