बालोद

सीवरेज लाइन बिछाते मिट्टी धंसी, महिला सहित 3 मजदूरों की मौत
13-May-2026 3:56 PM
सीवरेज लाइन बिछाते मिट्टी धंसी, महिला सहित 3 मजदूरों की मौत

10 फीट गहरे गड्ढे में कर रहे थे काम, ऊपर रखी मिट्टी के साथ धंसकी जल आवर्धन की पाइप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 दल्लीराजहरा, 13 मई। बालोद जिले के दल्लीराजहरा नगर के दास पान ठेला चौक के पास बीएसपी की सीवरेज लाइन पाइप बिछाने के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में काम करने के दौरान सडक़ के ऊपर रखी मिट्टी का ढेर अचानक धंसककर गड्ढे में गिर जाने से उसमें दबकर एक महिला सहित 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शाम 5.30 बजे के आसपास की है।

काफी मशक्कत के बाद मिट्टी में दबे तीनों के शव को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान किशुन कुमार, राकेश कुमार एवं वैशाखिन बाई के रूप में की गई है। तीनों वार्ड-2 पंडरदल्ली निवासी बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, ठेकेदार बीएसपी के ठेके पर काम कर रहा था।  मजदूर लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे  में थे, गड्ढे के बाहर 5 फीट मलबा था, जेसीबी के दबाव से मिट्टी धंस गई और मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए।

बताया गया कि मजदूर बिना किसी सुरक्षा इंतजाम में 10 फीट गड्ढे में घुसकर बीएससी के पुरानी सीवरेज पाइप को बदलकर नई पाइप बिछाकर दो पाइपों के बीच जाइंट को सीमेंट से भर रहे थे कि यह हादसा हो गया।

घटनास्थल की बगल से जल आवर्धन योजना का पाइप लाइन गया हुआ था। सडक़ पर पड़ी मिट्टी के दबाव से पहले से बिछी जल आवर्धन योजना की पाइप धंसक गई और तीनों मजदूर पाइप और मिट्टी में बुरी तरह से दब गए। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों एवं प्रशासन की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया, जो कि देर रात तक चला लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा मानकों के इतने गहरे गड्ढे में उतारा गया था। न तो सुरक्षा बेल्ट, न हेलमेट और न ही मिट्टी धंसने से बचाव के लिए कोई मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

लोगों ने इस हादसे के जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।  दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग भी उठ रही है।

 घटना की सूचना मिलते ही कांकेर सांसद भोजराज नाग और नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करने प्रशासन को निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट