बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्ली राजहरा, 9 मार्च। नगर के वार्ड क्रमांक 26 में विकास कार्य के लिए वार्ड पार्षद टी ज्योति ने कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग को मांग पत्र सौंपा।
सौंपे गए मांग पत्र के माध्यम से पार्षद टी ज्योति ने बताया कि बार्ड क्रमांक 26 में विभिन्न विकास कार्यों हेतु राशि की आवश्यकता है, जिसे स्वीकृत करने से वार्ड में विकास कार्य को गति मिलेगी जिसमें प्रमुख रूप से वार्ड में सामाजिक एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक भवन की मरम्मत कार्य हेतु 10 लाख इंडोर बैडमिंटन कोर्ट निर्माण हेतु 10 लाख और इंस्टीट्यूट की बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 10 लाख की राशि शामिल है। उपरोक्त कार्यों के पूर्ण होने से वार्डवासियों को सामाजिक कार्यक्रमों, खेल गतिविधियों तथा सुरक्षा संबंधी सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सांसद निधि अथवा अन्य उपयुक्त मद से इन कार्यों के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत की जाए ताकि इस पहल से वार्ड क्रमांक 26 के नागरिकों को अत्यंत लाभ मिल सके। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू, पार्षद भूपेंद्र श्रीवास, सहित अनेक पार्षद व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।


