बालोद

मुख्य मार्ग के नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर जुर्माना
22-Feb-2026 10:12 PM
 मुख्य मार्ग के नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा, 22 फरवरी। नगर के मुख्य मार्ग पर नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने 14 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 4200 रुपये जुर्माना वसूला।

राजहरा थाना प्रभारी संतोष भुआर्य ने बताया कि मुख्य मार्ग पर नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, जिसके चलते कार्रवाई की गई।

सीएसपी विकास पाटले ने कहा कि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने से यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि नगर पालिका द्वारा मुख्य मार्ग के दोनों किनारों पर की गई सफेद लाइनिंग के भीतर ही वाहन पार्क करें। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

नगरपालिका अध्यक्ष तोरण लाल साहू ने कहा कि पूर्व में नोटिस और समझाइश दी गई थी। उनके अनुसार कुछ लोगों द्वारा नियमों के विपरीत दुकानें लगाने से यातायात प्रभावित हो रहा था, जिसके बाद कार्रवाई की गई। ज्ञात हो कि  पुलिस, नगर पालिका और व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने एक दिन पहले गुप्ता चौक से फव्वारा चौक तक भ्रमण कर सडक़ पर वाहन खड़े नहीं करने और फुटकर विक्रेताओं को सडक़ पर पसरा नहीं लगाने की समझाइश दी थी। इसके बाद भी उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार नगर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट