बालोद

जमानत पर रिहा रेप के आरोपी ने आंबा कार्यकर्ता की हत्या कर की खुदकुशी
14-Feb-2026 1:52 PM
जमानत पर रिहा रेप के आरोपी ने आंबा कार्यकर्ता की हत्या कर की खुदकुशी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
दल्लीराजहरा, 14 फरवरी।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देवरी थाना क्षेत्र के फरदफोड़ गांव में रेप के आरोप में जेल में बंद रहा विचाराधीन कैदी जमानत पर छूटने के बाद सीधे आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा और वहां कार्यरत 54 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की कथित रूप से धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने उसी परिसर में आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरदफोड़ गांव निवासी 57 वर्षीय लखन देवांगन शुक्रवार दोपहर के समय गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसने वहां मौजूद बच्चों और सहायिका को बाहर भेज दिया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उगेश्वरी देवांगन पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने केंद्र के भीतर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही देवरी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राकेश ठाकुर ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच जारी है और हत्या के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
 

गांव में शोक और दहशत
दोनों मृतक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस एहतियातन गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।


अन्य पोस्ट