बालोद

दल्लीराजहरा में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर का स्वागत
15-Oct-2025 3:20 PM
दल्लीराजहरा में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर का स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दल्लीराजहरा 15 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के प्रथम नगर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें लड्डुओं से तौला गया और पुष्पगुच्छ, माला एवं शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत चिखलाकसा अटल चौक से हुई, जहाँ नगर पंचायत अध्यक्ष कुंती देवांगन, उपाध्यक्ष राजू रावटे और पार्षद संध्या शर्मा सहित पार्षदगण एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। तत्पश्चात नगर प्रवेश पर सरस्वती शिशु मंदिर के समीप नगर मंत्री समर्थ लखानी के नेतृत्व में अभिनंदन किया गया। मुख्य कार्यक्रम गुप्ता चौक में आयोजित हुआ, जहाँ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई।

मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने स्वागत भाषण दिया। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने कहा कि किसान मोर्चा सदैव किसानों के हितों के लिए तत्पर रहेगा तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक किसान तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं को किसानों को सशक्त बनाने वाली पहल बताया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष तोमन साहू ने संगठन की गतिविधियों व उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। संचालन भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी (ओबीसी मोर्चा) छगन साहू ने किया और आभार प्रदर्शन राकेश द्विवेदी ने किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू, उपाध्यक्ष मनोज दुबे, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष शीतल नायक सहित अनेक पदाधिकारी, पार्षद एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।


अन्य पोस्ट