बालोद

दूसरी बार मां वैष्णो देवी के दर्शन करने पैदल निकले राजेंद्र
01-Jun-2023 12:58 PM
दूसरी बार मां वैष्णो देवी के दर्शन करने पैदल निकले राजेंद्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बालोद, 1 जून। राजेंद्र कुमार निषाद ने बालोद जिले से मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पैदल यात्रा की शुरुआत की । संसदीय सचिव व गुण्डरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद सहित निषाद समाज के लोग उन्हें गुंडरदेही से मां चंडी मंदिर की पूजा-अर्चना कर रवाना किया।

जिले के इरागुड़ा के राजेंद्र कुमार की उम्र 46 वर्ष है और अपनी मनोकामना पूर्ण होने के बाद वे दूसरी बार माता वैष्णो देवी के दर्शन को निकले हैं। राजेंद्र कुमार ने बताया कि इससे पहले वर्ष 2018 में भी उन्होंने अपने गृह ग्राम से माता वैष्णो देवी के दरबार के लिए पैदल यात्रा की शुरुआत की थी और वह काफी सफल भी हुआ था।

संसदीय सचिव ने दिया साथ

राजेंद्र निषाद की यह दूसरी यात्रा है। इसके पूर्व वे 2018 में माता वैष्णव देवी की पैदल यात्रा कर चुके हैं। इस दौरान समाज व ग्राम के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि राजेंद्र कुमार निषाद हमारे समाज के गौरव हैं। माता की शक्ति उनके व्यवहार में झलकती है और वह हम सबको निरंतर प्रेरित कर रहे हैं कि यदि मन में माता के प्रति भक्ति हो आस्था हो तो कोई भी काम कठिन नहीं होता है।

आराम से गुजर जाता है दिन

पैदल यात्रा के लिए बालोद से निकले राजेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि उनके लिए यह यात्रा काफी आसान रहती है, क्योंकि रास्ते में लोग उन्हें भोजन पानी सब व्यवस्था करते हैं, कहीं पर भी कोई दिक्कत नहीं होती। हाथों में मां का ध्वज रहता है तो दूरी का पता ही नहीं चला।

उन्होंने बताया कि 60 से 65 दिने का समय उनको वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाने में लगता है, वह दुर्ग से कवर्धा मंडला जबलपुर होते हुए दिल्ली उसके बाद वैष्णो देवी का आगे का सफर तय करते हैं।


अन्य पोस्ट