बालोद

अर्धनग्न हो युवा कांग्रेसियों का प्रदर्शन, बारी बारी कर 11 पुतलों का दहन
24-Mar-2023 2:38 PM
अर्धनग्न हो युवा कांग्रेसियों का प्रदर्शन, बारी बारी कर 11 पुतलों का दहन

कार्यकर्ता जलाते रहे, पुलिस बुझाती रही

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बालोद, 24 मार्च। कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी को सूरत की अदालत ने मानहानि केस में दो साल की सजा सुनाई है। राहुल की सजा के बाद जोरदार सियासत हो रही है।

आज युवा कांग्रेस द्वारा बालोद शहर के जयस्तंभ चौक में अर्धनग्न होकर युवा कांग्रेसियों ने बारी-बारी कर 11 पुतलों का दहन किया, जिसमें देश के प्रधानमंत्री केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ के पूर्व मु यमंत्री एवं आडवाणी सहित अनुराग ठाकुर स्मृति ईरानी इत्यादि शामिल हैं। इस दौरान अर्धनग्न होकर युवा कांग्रेसियों ने जमकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और राहुल गांधी को जो सूरत की कोर्ट में सजा सुनाई गई है उसका भी इन्होंने विरोध दर्ज कराया।

टूट रहा भाजपा का सिंहासन

युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रशांत बोकड़े ने कहा कि उनके नेता के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा षड्यंत्र किया जा रहा है। राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा पूरी तरह से बौखला गई है। यही वजह है कि उनके खिलाफ जब कुछ नहीं बना तो मानहानि के मामले में केस दर्ज करवा दिया गया पर देशवासी सब जानते हैं। यहां अडानी मामले से सबका ध्यान भटकाने की साजिश केंद्र सरकार द्वारा की जा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बढ़ते कदमों ने कन्याकुमारी से लेकर ज मू कश्मीर तक की यात्रा कर भारत को जोडऩे का प्रयास किया। उनकी इस भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा को अपना सिंहासन टूटता दिखाई दे रहा है।

ईडी सीबीआई का भी दहन हुआ पुतला - साजन

युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष साजन पटेल ने भी कहा कि यहां पर छत्तीसगढ़ हो या केंद्र हर तरफ कांग्रेस को तोडऩे की साजिश नरेंद्र मोदी द्वारा की जा रही है। एक तरफ वे अदानी जैसे चोर लोगों को भाई बना कर बैठे हैं, और जो देश के सच्ची सेवा में तत्पर हैं, उनके खिलाफ झूठे मुकदमे झूठी साजिशें रची जा रही है। साजन पटेल ने बताया कि आज हम ईडी और सीबीआई का भी पुतला दहन कर रहे हैं क्योंकि यहां पर केंद्र इनका पूर्णता दुरुपयोग कर रही है।

कार्यकर्ता जलाते रहे,पुलिस बुझाती रही

एक तरफ युवक कांग्रेसी बारी-बारी पुतला लाकर दहन करते रहे जिसमें सबसे अंतिम नरेंद्र मोदी का बड़ा पुतला दहन किया गया। इससे पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अनुराग ठाकुर डॉ रमन सिंह, ईडी, सीबीआई, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित अन्य भाजपा के वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों नेताओं का पुतला दहन किया गया। बारी-बारी यह पुतला दहन करते रहे और पुलिस बारी-बारी पानी डालती रही। इस दौरान दर्जनों बार पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई।

अर्धनग्न होकर निकाला मार्च

कांग्रेस भवन से ही युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते हुए निकले। इस दौरान राहुल गांधी के सजा वाले मामले को लेकर जमकर नारेबाजी की गई वही अदानी और मोदी भाई भाई की भी नारे लगाए गए। इस दौरान युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रशांत बड़े शहर अध्यक्ष साजन पटेल के साथ साथ दिनेश्वर साहू अंचल साहू देवेंद्र साहू, अहमद खान, आदित्य दुबे सहित अन्य मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट