ताजा खबर

आरटीई: प्रथम चरण में 13 से 17 अप्रैल के बीच लॉटरी के माध्यम से सीटों का आबंटन
07-Apr-2026 10:12 PM
आरटीई: प्रथम चरण में 13 से 17 अप्रैल के बीच लॉटरी के माध्यम से सीटों का आबंटन

​रायपुर, 07 अप्रैल। वर्ष 2026-27 के लिए आरटीई पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित की जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चल रही है। आरटीई के तहत प्रथम चरण में 13 अप्रैल से 17 अप्रैल  के बीच लॉटरी के माध्यम से सीटों का आबंटन किया जाएगा। 

लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर  द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अब तक कुल 38 हजार 439 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 34 हजार 4 आवेदनों की जांच पूरी हो चुकी है तथा मात्र 4 हजार 435 आवेदन जांच हेतु शेष हैं। शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को अनिवार्य रूप से जांच पूर्ण करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि प्रथम चरण के अंतर्गत नोडल वेरिफिकेशन का कार्य 31 मार्च  तक निर्धारित था तथा लॉटरी एवं सीट आबंटन की प्रक्रिया 13 अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच संपन्न की जाएगी। इसके पश्चात 1 मई से 30 मई  तक विद्यार्थियों का प्रवेश (दाखिला) सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही वर्ष 2025-26 की शुल्क प्रतिपूर्ति का सत्यापन कार्य 25 मई से 25 जून  तक किया जाएगा।

शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत दूसरे चरण में नए स्कूलों का पंजीयन 8 जून से 20 जून तक  किया जाएगा। स्कूलों का सत्यापन 25 जून तक और विद्यार्थियों का पंजीयन 1 जुलाई से 11 जुलाई तक तथा नोडल वेरिफिकेशन 15 जुलाई  तक किया जाएगा। इसके बाद 27 जुलाई से 31 जुलाई  के बीच लॉटरी एवं सीट आबंटन और 3 अगस्त से 17 अगस्त  तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। राज्य ​शासन ने अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया या अपुष्ट समाचारों के बजाय केवल आधिकारिक आरटीई पोर्टल की जानकारी पर ही भरोसा करें।


अन्य पोस्ट