(सागर कुलकर्णी और गौरव सैनी)
नयी दिल्ली, 17 जनवरी। विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्ल्यूएमओ) की प्रमुख सेलेस्टे साउलो ने कहा है कि विश्व भर में दीर्घकालिक जोखिम पैदा करने वाली चरम मौसम की घटनाएं तेजी से गर्म हो रही दुनिया में अधिक तीव्र होती जा रही हैं और वैज्ञानिक प्रगति के बावजूद इनका पूर्वानुमान लगाना कठिन होता जा रहा है।
उन्होंने लॉस एंजिलिस में जंगल में लगी आग जैसी विशिष्ट घटनाओं का संबंध जलवायु परिवर्तन से होने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि उनमें जलवायु परिवर्तन से सीधे जुड़े ‘‘कई तत्व’’ शामिल हैं।
साउले ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि डब्ल्यूएमओ और दुनिया भर की सरकारें पूर्वानुमान की गुणवत्ता में सुधार के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रही हैं, लेकिन बढ़ते तापमान की अभूतपूर्व दर को देखते हुए ये प्रयास पर्याप्त नहीं हैं।
साउलो डब्ल्यूएमओ प्रमुख का पद संभालने वाली पहली महिला हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अब हमारे पास बेहतर पूर्वानुमान हैं, और कई उदाहरण दिखाते हैं कि कैसे शुरुआती चेतावनियों ने जीवन एवं संपत्ति को बचाया है। लेकिन चरम घटनाएं इतनी तीव्र और असामान्य होती जा रही हैं कि उनका पूर्वानुमान व्यक्त करना अधिक चुनौतीपूर्ण है।’’
साउलो ने कहा, ‘‘विज्ञान प्रगति कर रहा है, और हम अपनी समझ में सुधार कर रहे हैं। फिर भी, चरम घटनाओं के लिए अत्यधिक कार्रवाई की आवश्यकता है।’’
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया भर में गंभीर सूखा पड़ रहा है, जिससे तेज हवाओं, शुष्क वनस्पति और अत्यधिक शुष्क भूमि के साथ जंगल की आग के लिए अनुकूल स्थिति पैदा हो रही है।
डब्ल्यूएमओ प्रमुख ने कहा, ‘‘किसी भी विशिष्ट घटना का संबंध जलवायु परिवर्तन से जोड़ने के लिए वैज्ञानिक मूल्यांकन की आवश्यकता होती है। हालांकि, हम कह सकते हैं कि इन घटनाओं के कई तत्व सीधे तौर पर जलवायु परिवर्तन से जुड़े होते हैं।’’
साउलो ने कहा कि लॉस एंजिलिस के जंगल में आग जैसी आपदाएं ‘‘हमारी अपनी गतिविधियों’’ का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम ऐसे शहर बनाते हैं जहां हमें शहर नहीं बनाने चाहिए, तो हम संतुलन बनाए रखने वाले प्राकृतिक तंत्र को बाधित करते हैं, जिससे आपदाएं आती हैं।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं को देखते हुए डब्ल्यूएमओ 2027 तक ‘‘सभी के लिए प्रारंभिक चेतावनी’’ पहल को लागू करने में सक्षम होगा, साउलो ने कहा कि प्रारंभिक चेतावनी में निवेश किए गए प्रत्येक डॉलर पर दस गुना लाभ मिलता है।
संयुक्त राष्ट्र ने 2022 में यह सुनिश्चित करने के लिए ‘‘सभी के लिए प्रारंभिक चेतावनी’’ पहल शुरू की थी कि 2027 के अंत तक जीवनरक्षक प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों के माध्यम से पृथ्वी पर हर कोई खतरनाक मौसम, पानी या जलवायु संबंधी घटनाओं से सुरक्षित रहे। (भाषा)