सरगुजा

नशीले इंजेक्शन संग 2 बंदी
17-Nov-2026 9:08 PM
नशीले इंजेक्शन संग 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 17 नवंबर। सरगुजा पुलिस ने प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 97 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 97 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी मेडिकल दुकान से इंजेक्शन लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करने की तैयारी में थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डिगमा निवासी अंकित गुप्ता अपने साथी साहिद अंसारी के साथ नशीले इंजेक्शनों की बिक्री करने के लिए शंकरघाट खनिज बैरियर के पास आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान अंकित गुप्ता मध्यप्रदेश, वर्तमान निवास डिगमा एफसीआई गोदाम के पीछे, थाना गांधीनगर तथा साहिद अंसारी झारखंड के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीले इंजेक्शन बरामद किए। इस तरह कुल 97 इंजेक्शन, जिनकी कुल मात्रा 650 एमएल है, जब्त किए गए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 97 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने मेडिकल दुकान से इंजेक्शन लाकर बिक्री करने की बात स्वीकार की है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 797/26, धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट