सरगुजा
दरिमा शराब दुकान के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
अंबिकापुर, 26 मई। सरगुजा जिले के दरिमा क्षेत्र में संचालित अंग्रेजी शराब दुकान के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं जनदर्शन में पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर अजीत वसंत को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान बंद करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के बाद मामला उस समय गरमा गया, जब महिलाओं ने कलेक्टर पर शराब दुकान और महतारी वंदन योजना को जोड़कर टिप्पणी करने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों के अनुसार दरिमा क्षेत्र में खुले अंग्रेजी शराब दुकान के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है और सामाजिक समस्याएं बढ़ रही हैं। इसी को लेकर महिलाएं और ग्रामीण जनदर्शन में पहुंचे थे।
महिलाओं का आरोप है कि मुलाकात के दौरान कलेक्टर ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। महिलाओं द्वारा योजना का लाभ मिलने की बात कहने पर कलेक्टर ने कथित तौर पर कहा कि जिस प्रकार महतारी वंदन योजना सरकार की योजना है, उसी प्रकार शराब दुकान भी सरकार की नीति के तहत संचालित हो रही है।
कलेक्टर की इस बात से महिलाएं नाराज हो गईं और उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना और शराब दुकान का कोई संबंध नहीं है। महिलाओं ने कहा कि उन्हें योजना का लाभ नहीं बल्कि गांव में शांति और शराब दुकान बंद होना चाहिए।
विरोध के दौरान महिलाओं ने कलेक्टोरेट परिसर में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल संपति यादव, आशा दास और सुमित्र नायक सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर शराब दुकान बंद करने की मांग की है।


