सरगुजा

आईजी ने ली एमसीबी जिले में रेंज के एसपी की बैठक
07-May-2026 4:14 PM
आईजी ने ली एमसीबी जिले में रेंज के एसपी की बैठक

पुराने प्रकरणों का निराकरण करने पर आईजी का जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 मई।
 सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा ने एमसीबी जिले में समूचे रेंज के एसपी समेत आला अफसरों की बैठक लेकर दोषमुक्ति प्रकरणों की जहां समीक्षा की। वहीं उन्होंने पुराने प्रकरणों के निराकरण पर जोर दिया। आईजी ने सभी एसपी को रेंज में कानूनी न्याय व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए। साथ ही न्यायालय में विचाराधीन प्रकरणों पर धारा 383 के तहत कार्रवाई करने के लिए भी आदेशित किया।

बैठक में समीक्षा के दौरान सर्वप्रथम दोषमुक्ति प्रकरणों के माह जनवरी एवं फरवरी के सेशन कोर्ट के 156 प्रकरण एवं लोवर कोर्ट के 617 प्रकरण कुल 773 प्रकरणों का जिलेवार गहन चर्चा किया गया। विशेष रूप से उन प्रकरणों पर चर्चा कर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा गया। जिसमें न्यायालय में अग्रिम जमानत निरस्त होने के बाद भी अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने के कारणों/त्रुटियों के संबंध में विस्तृत अवलोकन कर चर्चा की गई। इसके अलावा गंभीर प्रकरणों में विवेचकों द्वारा विवेचना में किए जाने वाले त्रुटियों को दूर करने हेतु नवीन कानून के तहत भौतिक साक्ष्यों का फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी  कर साक्ष्यों को सावधानी से संकलित करने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने रेंज के समस्त पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि  यदि नवीन कानून के तहत किसी प्रकरण में विवेचना के दौरान कोई परेशानी हो रही हो तो अपने जिले के अभियोजन अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर उन प्रकरणों का निकाल करना सुनिश्चित करें। उन्होंने पूर्व में समीक्षा के दौरान निर्देश दिए थे कि पुराने लंबित प्रकरणों का इकाई स्तर पर प्रत्येक माह में होने वाले मंगलवार की बैठक के दौरान चर्चा कर शत-प्रतिशत समीक्षा करते उपलब्ध कराया जाए, उन्हें भी बारीकी से अवलोकन किया गया।

गंभीर प्रकरणों में एफआईआर के बाद नवीन कानून के तहत समयावधि में अनिवार्य रूप से चालान पेश करने हेतु निर्देशित किया गया। प्रार्थी/पीडि़ता जिनका न्यायालय में 183 बीएनएसएस के अंतर्गत कथन लिया गया है, वो अगर न्यायालय में ट्रायल के दौरान पक्षद्रोही होते है तो उनके विरूद्ध धारा 383 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई हेतु लोक अभियोजक के माध्यम से न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। दोषमुक्ति प्रकरणों की समीक्षा उपरांत आईजी सरगुजा द्वारा पृथक से रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से अन्य विन्दुओं पर गहन चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उमनि/वरि पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत ठाकुर, सरगुजा राजेश अग्रवाल, जशपुर लाल उमेद सिंह, पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुरें, बलरामपुर वैभव वैकर रमनलाल, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर रत्ना सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक एमसीबी सहित जिले के लोक अभियोजन अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट