सरगुजा

25 दिन बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर, सरकार की व्यवस्था पूरी तरह फेल-हिमांशु जायसवाल
19-Apr-2026 10:35 PM
25 दिन बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर, सरकार की व्यवस्था पूरी तरह फेल-हिमांशु जायसवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,19 अप्रैल।
रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर उत्पन्न संकट पर प्रदेश युवा कांग्रेस आरटीआई विभाग के चेयरमैन हिमांशु जायसवाल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की समय पर आपूर्ति नहीं होने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हिमांशु जायसवाल ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि शहरों में गैस सिलेंडर बुकिंग के बाद भी 25 दिन बीत जाने पर उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की समय सीमा तय कर दी गई है, जो पूरी तरह अनुचित और भेदभावपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार गैस की कमी नहीं होने का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात इसके विपरीत हैं। कई गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और कुछ स्थानों पर एजेंसियां बंद तक मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश परिवार भी रसोई गैस पर निर्भर हैं। एक सिलेंडर सामान्यत: 25 से 28 दिनों में समाप्त हो जाता है, ऐसे में समय पर रिफिलिंग नहीं मिलने से लोगों को वैकल्पिक ईंधन के लिए परेशान होना पड़ रहा है। लकड़ी और मिट्टी तेल की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। इसके अलावा ठेलों में खाद्य सामग्री बेचने वाले छोटे दुकानदारों पर भी इसका असर पड़ रहा है, क्योंकि सिलेंडर नहीं मिलने से उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है।

हिमांशु जायसवाल ने यह भी कहा कि सरकार स्वयं चूल्हे के धुएं से महिलाओं के स्वास्थ्य पर पडऩे वाले दुष्प्रभाव को स्वीकार करती है, इसके बावजूद रसोई गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की जा रही है। उन्होंने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को केवाईसी के नाम पर गैस सिलेंडर से वंचित किए जाने पर भी चिंता जताई।
युवा कांग्रेस ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि गैस रिफिलिंग की समय सीमा को पूर्व की तरह 21 दिन किया जाए, गैस की कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो युवा कांग्रेस सडक़ पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेगी।


अन्य पोस्ट