सरगुजा
रेप के बाद बेरहमी से पीट-पीटकर की थी हत्या
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 11 अप्रैल। सद्भावना चौक रिंग रोड स्थित झाला में मिली महिला की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध संबंध के शक के चलते आरोपी ने महिला के साथ जबरन रेप कर उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी थी। आरोपी पर कुल 35 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल को सद्भावना चौक क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत हत्या से होना पाया गया, जिसके बाद कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और परिजनों की पहचान के आधार पर आरोपी की पहचान की गई, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये तथा डीआईजी व एसएसपी द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसी दौरान चिरमिरी पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वहां छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी छोटू उर्फ मिथुन उर्फ राम सिंह (30 वर्ष), निवासी मकनपुर थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर को चिरमिरी से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और मृतिका मजदूरी करते थे और साथ रहते थे। कुछ दिन पहले उसे महिला के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक हुआ, जिससे वह नाराज था।
2 अप्रैल को दोनों ने शराब पीने के बाद विवाद किया, जिसके बाद आरोपी ने महिला के साथ जबरन रेप कर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी रेलवे पटरी के रास्ते विश्रामपुर होते हुए नागपुर पहुंचा और वहां से चिरमिरी भाग गया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने कपड़े जब्त कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की जांच में कोतवाली पुलिस, साइबर सेल तथा चिरमिरी पुलिस की टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।


