सरगुजा

मतदाता सूची से नाम हटाने के आरोप पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत
11-Feb-2026 10:57 PM
मतदाता सूची से नाम हटाने के आरोप पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर,11 फरवरी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के कथित प्रयास को लेकर शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा से जुड़े कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर नियम विरुद्ध तरीके से ऑनलाइन फार्म-7 भरकर एक वर्ग विशेष के मतदाताओं के नाम विलोपित कराने की सिफारिश करने का गंभीर आरोप लगाया है।  वहीं निर्वाचन अधिकारियों ने शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाए जाने की बात कही है।

कांग्रेस की ओर से राज्य निर्वाचन पदाधिकारी को जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से भेजी गई शिकायत में कहा गया है कि शहर में अब तक 1143 ऐसे मतदाताओं की पहचान की गई है, जिनके नाम अवैधानिक तरीके से काटने का प्रयास किया गया। कांग्रेस का दावा है कि पूरे जिले में यह संख्या कई हजार तक हो सकती है।

भाजपा पदाधिकारियों पर नाम हटाने

की सिफारिश का आरोप

शिकायत में भाजयुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अंशुल श्रीवास्तव, पार्षद पति विकास गुप्ता, पार्षद प्रत्याशी रहे विशेष केशरवानी, पूर्व पार्षद अवधेश सोनकर सहित डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के नामों का उल्लेख किया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि इन लोगों द्वारा अलग-अलग मतदान केंद्रों के मतदाताओं के नाम हटाने के लिए ऑनलाइन फार्म-7 भरे गए, जबकि निर्वाचन नियमों के अनुसार शिकायतकर्ता का उसी मतदान केंद्र का मतदाता होना अनिवार्य है।

 जो अधिकांश मामलों में पूरा नहीं हुआ।

निर्वाचित जनप्रतिनिधि और सरकारी कर्मियों के नाम हटाने का आरोप

कांग्रेस का कहना है कि जिन मतदाताओं के नाम हटाने की अनुशंसा की गई है, उनमें वर्तमान एवं पूर्व पार्षद, बीएलओ तथा अन्य शासकीय कार्यालयों में जिम्मेदार पदों पर कार्यरत व्यक्ति भी शामिल हैं, जो अभी भी संबंधित वार्ड में निवासरत हैं।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की है कि नियम विरुद्ध भरे गए सभी फार्म-7 को तत्काल निरस्त किया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में केवल नियमानुसार प्राप्त आवेदनों को ही स्वीकार करने के निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही वैध मतदाताओं के नाम अनावश्यक रूप से हटाए जाने से रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि गलत जानकारी देकर नियम विरुद्ध फार्म-7 भरने वालों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

ज्ञापन सौंपने गए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, आशीष वर्मा, पार्षद हसन खान, मेराज रंगरेज, शुभम जायसवाल, जीवन यादव, जमील खान, शानू मुखर्जी, अमित सिन्हा, अविनाश कुमार, अंशु सिंह, मिथुन सिंह सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी शामिल रहे।

निर्वाचन अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया

इस मामले को लेकर स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। वहीं निर्वाचन अधिकारियों ने शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाए जाने की बात कही है।


अन्य पोस्ट