सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 फरवरी। केंद्रीय बजट को लेकर युवा कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। युवा कांग्रेस छत्तीसगढ़ के आरटीआई विभाग के चेयरमैन हिमांशु जायसवाल ने बजट को जनविरोधी बताते हुए कहा कि यह बजट नहीं, बल्कि जनता के साथ खुला विश्वासघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बजट युवाओं के सपनों, किसानों की मेहनत और मध्यम वर्ग की जेब पर सीधा हमला है।
हिमांशु जायसवाल ने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी से जूझ रहा है, लेकिन सरकार को केवल अपने पूंजीपति मित्रों की चिंता है। बजट में रोजगार के नाम पर एक भी ठोस योजना शामिल नहीं की गई है, केवल जुमले और खोखले दावे किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार आसमान छू रही है। गैस और पेट्रोल आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुके हैं, लेकिन इस बजट में जनता को कोई वास्तविक राहत देने के बजाय सरकार अपनी उपलब्धियों का बखान कर रही है।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार में न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने की हिम्मत नहीं है। वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में बजट में भारी कटौती की गई है, जिससे आम जनता पर सीधा असर पड़ेगा।
हिमांशु जायसवाल ने कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के हितों की अनदेखी करता है और पूरी तरह जनविरोधी है।


