सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 1 फरवरी। केंद्रीय बजट को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं प्रमुख व्यापारी प्रतिनिधि शुभम अग्रवाल ने इसे सर्वस्पर्शी और दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री द्वारा प्रस्तुत यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा और छोटे व्यापारियों, महिलाओं तथा किसानों को तकनीक के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। एमएसएमई और व्यापार जगत के लिए ऐतिहासिक प्रावधान है।
शुभम अग्रवाल ने कहा कि बजट में व्यापारियों के लिए 10,000 करोड़ रुपये का एसएमई ग्रोथ फंड एक क्रांतिकारी कदम है। इससे छोटे और मध्यम उद्योगों को विस्तार के लिए पूंजी उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि सरकारी खरीदी में एमएसएमई की हिस्सेदारी बढ़ाने और ट्रेड्स प्लेटफॉर्म के विस्तार से छोटे उद्योगों की नकदी समस्या दूर होगी। वहीं महात्मा गांधी हैंडलूम योजना के माध्यम से पारंपरिक बुनकरों को वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा।
बायोफार्मा और स्वास्थ्य क्षेत्र को बढ़ावा
बजट में बायोफार्मा शक्ति कार्यक्रम के लिए 10,000 करोड़ रुपये के प्रावधान का स्वागत करते हुए शुभम अग्रवाल ने कहा कि इससे भारत दवा अनुसंधान और निर्माण के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र बनेगा। उन्होंने कैंसर सहित 17 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क हटाने के निर्णय को मध्यम वर्ग के लिए बड़ी राहत बताया।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि लखपति दीदी 2.0 योजना और महिलाओं के लिए विशेष कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना से महिलाएं तकनीकी क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभा सकेंगी।
शी-मार्क और शी-मार्ट जैसी पहलें महिला उद्यमियों को नई पहचान और सीधे बाजार तक पहुंच प्रदान करेंगी।
खेती को लाभकारी बनाने के लिए बजट में प्रस्तुत भारत-विस्तार (एआई पोर्टल) की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे किसानों को मौसम और मिट्टी से जुड़ी सटीक जानकारी मिलेगी, जिससे लागत घटेगी और उत्पादन बढ़ेगा।
शुभम अग्रवाल ने कहा कि यह बजट व्यवसाय करने में सुगमता और जीवनयापन की सुगमता दोनों को सुनिश्चित करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।


