सरगुजा

सरगुजा संभाग में पूरे दिन होती रही बारिश
बलरामपुर में जमकर बारिश होने से कन्हर नदी लबालब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 18 जून। उत्तर छत्तीसगढ़ में मानसून पहुंचने के पहले झमाझम बारिश से खेत लबालब हो गए हैं और नदी-नालों में भी पानी भरने लगा है। बलरामपुर जिले में जमकर बारिश के बाद कन्हर नदी उफान पर है। मानसून के पूर्व दो दिनों से हो रही बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दे दी है। बुधवार को सरगुजा संभाग में पूरे दिन बादल छाए रहने के साथ बारिश होती रही।
सरगुजा संभाग में जून के पहले पखवाड़े में उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिल गई है। रविवार को संभाग के कुछ स्थानों में छिटपुट बारिश हुई थी। सोमवार शाम को संभाग के अधिकांश इलाकों में छाए बादल बरसे। रात को भी कई इलाकों में बारिश हुई। सरगुजा के मैनपाट में लगातार झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। मानसून आगामी 4 दिनों में सरगुजा पहुंचने का अनुमान है।
इस साल छत्तीसगढ़ में मानसून निर्धारित समय से करीब 8 दिन पहले पहुंच गया, लेकिन मानसून में ठहराव के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ में गर्मी और उमस बढ़ गई थी। सरगुजा संभाग के अधिकांश इलाकों में सोमवार व मंगलवार को झमाझम बारिश हुई। बुधवार सुबह से ही पूरे संभाग में बादल छाए हुए थे और कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई।
नदी-नालों में बढ़ा जलस्तर, कन्हर उफान पर
संभाग में हो रही बारिश के बाद खेतों में पानी भर गया है और नदी-नालों का जलस्तर बढऩे लगा है। दो दिनों तक हुई अच्छी बारिश के बाद बलरामपुर जिले में कन्हर नदी उफान पर है। इस वर्ष कन्हर बमुश्किल एक सप्ताह ही सूखा रहा। इसके बाद बारिश से कन्हर में वापस पानी आ गया था।
लगातार गिरा तापमान, गर्मी से राहत
बारिश के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। पिछले 24 घंटे में सरगुजा का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं अधिकतम
तापमान गिरकर 29.3 डिग्री पहुंच गया है। हालांकि बादल छाए रहने से कुछ उमस मंगलवार को बनी रही, लेकिन बुधवार को लगातार बारिश के बाद तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई।