सरगुजा

के आर टेक्निकल कॉलेज में महिला स्वास्थ्य पर संवाद
07-Mar-2025 8:50 PM
के आर टेक्निकल कॉलेज में महिला स्वास्थ्य पर संवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 7 मार्च। केआर टेक्निकल कॉलेज, अंबिकापुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के चौथे दिन एक विशेष टॉक शो का आयोजन किया गया, जिसमें अंबिकापुर के महावीर हॉस्पिटल की प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा रवि ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ, जिसमें उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त समाज की नींव होती है और छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि आज की जागरूक युवतियां कल की आत्मनिर्भर महिलाएं बनेंगी, इसलिए उन्हें अपने स्वास्थ्य और अधिकारों की पूरी जानकारी होनी चाहिए।

डॉ. सुषमा रवि ने पीसीओडी/पीसीओएस, हीमोग्लोबिन की कमी, पीरियड्स दर्द, ब्रेस्ट और गर्भाशय कैंसर, सफेद पानी की समस्या और गर्भधारण से जुड़ी जटिलताओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि अस्वस्थ जीवनशैली, तनाव, जंक फूड और व्यायाम की कमी महिलाओं की कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनते हैं। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, सही दिनचर्या और समय पर निदान से इन समस्याओं को रोका जा सकता है।

उन्होंने हीमोग्लोबिन की कमी को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि हरी सब्जियां, चुकंदर, अनार, सेब, गुड़ और ड्राई फ्रूट्स के नियमित सेवन से इसे नियंत्रित किया जा सकता है। ब्रेस्ट और गर्भाशय कैंसर की रोकथाम के लिए उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच और एचपीवी वैक्सीन के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मेंस्ट्रुअल कप, यूरिन इंफेक्शन, माइग्रेन, स्तनपान में समस्या, गर्भधारण में कठिनाई और गर्भावस्था के दौरान किए जाने वाले व्यायाम पर सवाल पूछे। डॉ. रवि ने इन सवालों का व्यापक और वैज्ञानिक समाधान बताया और कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें, बल्कि तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।

इस कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय की निदेशक डॉ. रीनू जैन के आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।

उन्होंने डॉ. सुषमा रवि को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य ही समाज की असली संपत्ति है, इसलिए इस विषय पर खुलकर बात करना और सही जानकारी फैलाना बहुत जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दें, क्योंकि एक जागरूक महिला पूरे समाज को सशक्त बना सकती है।

इसी क्रम में कॉलेज में महिला जागरूकता सप्ताह और शिक्षणा– नारी सम्मान, नयी सोच, नया समाज! व्याख्यान माला के अंतिम दिन  ‘महिला सशक्तिकरण में पुरुषों की भागीदारी और सामाजिक सहयोग ’ पर चर्चा हुई। मुख्य वक्ताओं में विनितेश गुप्ता, संदीप डे, नितीश साहू और विनोद चौधरी ने पुरुषों की भूमिका पर विचार रखते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में छात्रों ने लैंगिक समानता, परिवार में महिलाओं की भूमिका और पुरुषों की मानसिकता में बदलाव पर विचार साझा किए।

इस आयोजन में छात्राओं की उत्साहजनक सहभागिता रही, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि केआर टेक्निकल कॉलेज महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य जागरूकता के लिए प्रतिबद्ध है।


अन्य पोस्ट