सरगुजा

छठव्रतियों को सुव्यवस्थित घाट नहीं होने से होती थी परेशानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 26 फरवरी। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने महाशिवरात्रि पर शिवसागर बांध के पश्चिमी तट पर पैलेस छठ घाट के कांक्रीटीकरण और सौन्दर्यीकरण की नींव रखी।
विगत कई वर्षों से शहर की छठव्रतियां छठ पर्व पर अघ्र्य देते आ रही हैं। छठव्रतियों की बढ़ती संख्या एवं बांध में सुव्यवस्थित घाट नहीं होने के कारण सरगुजा राज परिवार ने इस बांध में स्वयं के व्यय से घाट निर्माण का संकल्प लिया। इसी कड़ी में आज प्रथम चरण में करीब 10,000 वर्ग फीट घाट निर्माण का शिलान्यास किया गया।
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर हुए इस शिलान्यास के दौरान विधि-विधान से शिव-पार्वती की पूजा कर शिलान्यास का कार्यक्रम हुआ। पूजा के दौरान कुंभ के दौरान प्रयागराज संगम से लाये गये जल का उपयोग किया गया एवं शिवसागर बांध के जल में संगम से लाये गये जल को प्रवाहित किया गया। इस दौरान उनके साथ पूजा के दौरान अम्बिकापुर के पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की के साथ ही अम्बिकापुर से नवनिर्वाचित सबसे कम उम्र की पार्षद मेघा खांडेकर साथ में बैठ पूजा में सहभागिता दी।
इस दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रियासतों के विलीनिकरण के दौरान शिवसागर बांध की संपत्ति राजपरिवार के पास रही थी, लेकिन यह संपत्ति सभी के निर्बाध उपयोग के लिए है। राजपरिवार ने छठ पूजा के दौरान छठव्रतियों की कठिनाई को देखने के बाद घाट को सुव्यवस्थित करने का निर्णय लिया है।
इस दिशा में प्रथम चरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कर इसे छठ पूजा के पहले तैयार कर लिया जाएगा। आवश्यकता अनुरुप अगामी चरणों में शिवसागर बांध के तटों पर आगे भी घाट निर्माण की योजना है। सरगुजा राज परिवार ने छठव्रतियों की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए 2024 के छठ व्रत के प्रारंभ होने के पूर्व पैलेस छठ घाट समिति का गठन चंद्रप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में किया था।
इस समिति की देखरेख में वर्ष 2023 में छठ पर्व के आयोजन के लिए शिवसागर बांध के पश्चिमी तट को व्यवस्थित कर छठ पूजा का बेहतरीन आयोजन किया गया था। इसी व्यवस्था को बेहतर करने के प्रयास की दृष्टि से आज यहां कंक्रीटीकरण और सौन्दर्यीकरण की नींव रखी गई है।
इस दौरान बालकृष्ण पाठक, जेपी श्रीवास्तव, अजय अग्रवाल, शफी अहमद, द्वितेन्द्र मिश्रा, मो. इस्लाम, रशीद अहमद, दुर्गेश गुप्ता, रविन्द्र सिंह तोमर, मदन जायसवाल, दुर्गेश गुप्ता, अनूप मेहता, आशीष वर्मा, गृरुप्रीत सिंद्धु, दिनेश सोनी, बबन सोनी, सिंधु सोनी, शंकर प्रजापति, दीपक सिंह तोमर, नरेन्द्र सिंह टुटेजा, नितिश चौरसिया, अविनाश कुमार, रजनीश सिंह, विकास केशरी, आतिश शुक्ला, आलोक गुप्ता, अमित सिंह, दिनेश शर्मा, रोशन कन्नौजिया, देवेश त्रिपाठी, अंशु गुप्ता, तरनजीत सिंह बाबरा, मनीष तिवारी, पूर्णिमा सिंह, किरण सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
प्रथम चरण में दस हजार वर्गफीट में कांक्रीटीकरण
शिवसागर बांध एवं उसके तट से लगी भूमि जिसपर घाटों का निर्माण होना है वो सरगुजा राजपरिवार की निजी संपत्ति है। छठव्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखकर सरगुजा राजपरिवार द्वारा शिवसागर बांध के पश्चिम तट पर प्रथम चरण में 10 हजार वर्गफीट क्षेत्र का कांक्रीटीकरण किया जा रहा है। इस तट पर लगभग 34 डिसमिल जमीन पर यह निर्माण किया जाना है। इसमें 10-10 फीट के दो स्टेप होंगे। प्रथम चरण के इस निर्माण को 2025 के छठ पर्व के पूर्व पूर्ण करने की योजना है। भविष्य में आवश्यकताओं को ध्यान रखते हुए बांध के पश्चिम तट के साथ ही दक्षिण तट पर भी घाटों के निर्माण की योजना बनाई गई है, तकि बांध को शहर का सबसे सुव्यवस्थित छठ घाट बनाया जा सके।