सूरजपुर

प्रतापपुर नगर में पहली बार निकली रथयात्रा, उमड़ा सैलाब
27-Jun-2025 8:37 PM
प्रतापपुर नगर में पहली बार निकली रथयात्रा, उमड़ा सैलाब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 27 जून। प्रतापपुर नगर ने आज इतिहास रच दिया जब पहली बार भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की रथ यात्रा नगर में निकाली गई। मंदिरों की नगरी कहे जाने वाले प्रतापपुर में इस शुभ आयोजन को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखा गया। पूरे नगर का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर रहा।

शुक्रवार के दिन जब स्थानीय ठाकुरबाड़ी मंदिर से विधिवत पूजन कर नवनिर्मित लकड़ी के रथ में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी को विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए निकाला गया, तो सैकड़ों श्रद्धालु ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों और मंत्रोच्चारण के साथ रथ को रस्सियों से खींचते दिखाई दिए। रथ नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए भव्य शोभायात्रा के रूप में आगे बढ़ा।

इस अद्भुत आयोजन को देखने के लिए शुक्रवार के हाट-बाजार के कारण भीड़ अपेक्षाकृत अधिक रही, जिससे नगर की गलियों और सडक़ों पर मेले जैसा माहौल बन गया। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढक़र इस आयोजन में भाग लिया।

रथ यात्रा के मार्ग में स्थान-स्थान पर श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर आरती उतारी, और भगवान के दर्शन का लाभ लिया। नगरवासियों ने इस आयोजन को पूरी श्रद्धा से सफल बनाने में पूर्ण सहयोग दिया।

पहली बार नगर में आयोजित इस रथ यात्रा ने धार्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। लोगों ने इसे ऐतिहासिक पल बताते हुए हर साल इसी प्रकार रथ यात्रा निकालने की कामना की।


अन्य पोस्ट