सुकमा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 26 नवंबर। सुकमा जिले में धान खरीदी शुरू होने के बीच कई किसानों का रकबा शून्य होने से उन्हें धान बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कवासी हरीश लखमा ने कलेक्टर सुकमा को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि जिले के कई किसान शासन की धान खरीदी व्यवस्था के तहत अपना धान बेचने के लिए परेशान हैं। कुछ किसानों ने पहले ही शासन को धान बेच दिया था, लेकिन इस वर्ष उनके रकबे को भी शून्य कर दिया गया है। वहीं, जिन किसानों का पहले से एस्टीमेट तैयार हो चुका था, उनका रकबा भी शून्य कर दिए जाने से वे धान बेचने से वंचित हो रहे हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने कहा कि किसानों की मेहनत से तैयार धान को शासन को बेचने में परेशानी होना दुर्भाग्यपूर्ण है। जिन किसानों का रकबा शून्य हो गया है, उनका वास्तविक रकबा दर्ज किया जाए, ताकि वे अपना धान बेच सकें। किसानों को सरकारी व्यवस्था की खामियों के कारण परेशान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जिन किसानों का रकबा शून्य हुआ है, उनका सही रकबा दर्ज कर समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए, ताकि किसान समय पर अपना धान शासन को बेच सकें।