सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंटा (जिला सुकमा), 16 अक्टूबर। सुकमा जिले के कोंटा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कोट्टाचेरू के आश्रित ग्राम रामनगर से बुनियादी सुविधाओं के अभाव को दर्शाती गंभीर तस्वीर सामने आई है।
सडक़ जैसी बुनियादी सुविधा न होने के कारण आज भी ग्रामीणों को गंभीर स्वास्थ्य आपातकाल के दौरान चारपाई और बाइक जैसे देसी जुगाड़ का सहारा लेने विवश होना पड़ रहा है। रामनगर गांव में आज तक पक्की सडक़ का निर्माण नहीं हो सका है, जिसके कारण आवागमन की स्थिति बेहद दयनीय है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दिनों में कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण यह गांव मुख्य मार्ग से पूरी तरह कटकर टापू जैसी स्थिति में आ जाता है। सडक़ मार्ग न होने के कारण बीमार या घायल ग्रामीणों को अस्पताल पहुंचाने के लिए चारपाई पर लादकर या बाइक के माध्यम से मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है। समय पर उचित चिकित्सा सुविधा न मिलने से मरीजों की जान पर भी बन आती है।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सुदूर ग्रामीण इलाके में जल्द से जल्द सडक़ मार्ग का निर्माण कराया जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में लोगों को इस अमानवीय पीड़ा और असुविधा से मुक्ति मिल सके।