सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 14 अक्टूबर। सुकमा लाइवलीहुड कॉलेज से जीडीए कोर्स पूरी करने वाली युवतियों को रोजगार के नाम पर बेंगलुरु भेजने और वहां कथित रूप से अमानवीय परिस्थितियों में कार्य कराने का मामला सामने आया है।
मामले की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष महेश कुंजाम ने संस्था पहुंचकर युवतियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं समझीं। इसके बाद, जिला पंचायत उपाध्यक्ष महेश कुंजाम और बस्तरिया राज युवा मोर्चा के प्रतिनिधियों ने पीडि़त युवतियों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष माड़वी हिड़मा, बस्तरिया राज युवा मोर्चा के राजेश नाग, यूट्यूबर हुंगा मुचाकी एवं पीडि़त युवतियां उपस्थित थीं।
ज्ञात हो कि कुछ दिनों पूर्व सुकमा लाइवलीहुड कॉलेज से 11 युवतियों को रोजगार प्रमाण पत्र वितरित कर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में बेंगलुरु भेजा गया था।
जानकारी के अनुसार, युवतियों को अस्पताल में नर्सिंग कार्य के नाम पर एक निजी कंपनी को सौंपा गया था। हालांकि, बेंगलुरु पहुंचने पर उन्हें अस्पतालों की बजाय निजी मकानों में पुराने, संक्रमण से ग्रसित मरीजों की देखभाल (नहलाना, कपड़े धोना, खाना खिलाना) और घर के अन्य घरेलू कार्य (झाड़ू, पोंछा, बर्तन) करने के लिए मजबूर किया गया।
जब युवतियों ने 8 घंटे काम करने का अनुरोध किया या इस कार्य पर आपत्ति जताई, तो कंपनी के एजेंट ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया और अपने अनुसार काम करने का दबाव बनाया।
परेशानी बढऩे पर युवतियों ने अपने परिजनों को फोन कर स्थिति से अवगत कराया और वापस बुलाने की गुहार लगाई। परिजनों द्वारा संपर्क करने पर संबंधित एजेंट ने युवतियों को भेजने से इनकार कर दिया और अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि युवतियों को वापस भेजने के एवज में प्रति व्यक्ति 5,000 रुपये (तीन बच्चों के कुल 15,000 रुपये) वसूले गए।
सभी लड़कियों को 15 से 30 किलोमीटर की दूरी पर अलग-अलग स्थानों पर ठहराया गया था। एक अन्य मामले में, एक लडक़े को कमरे में बंद कर ताला लगाने और छोडऩे के एवज में 2,200 से 5,000 रुपये तक की राशि वसूलने की बात भी सामने आई है।