सुकमा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सुकमा, 10 अक्टूबर। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता लाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आज सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुकमा के भैया-बहनों द्वारा सुकमा क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तुंगल डैम में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस अभियान में विद्यालय के भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता के महत्व का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपने कार्यों के माध्यम से यह प्रेरणा दी कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना न केवल पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक है, बल्कि यह हमारी सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य अमित नाग का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा मिली। उन्होंने इस प्रकार के प्रयासों के महत्व को समझने तथा स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वच्छता अभियान में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु एवं दीदी जी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस पुनीत कार्य में सहभागिता की। विद्यालय परिवार की यह पहल विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, अनुशासन, श्रम की गरिमा एवं सामाजिक चेतना जैसे जीवनोपयोगी संस्कारों के विकास की दिशा में सराहनीय प्रयास है।
विद्यालय के प्राचार्य किशोर कुमार यादव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनाना भी है। स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराते हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।