सुकमा

सुकमा के अंदरूनी गांवों तक पहुंची बस सेवा, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बड़ी राहत
05-Oct-2026 10:36 PM
सुकमा के अंदरूनी गांवों तक पहुंची बस सेवा, विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बड़ी राहत

9 रूटों पर दौड़ रहीं मुख्यमंत्री ग्रामीण बसें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंटा, 5 अक्टूबर। कभी सडक़ और परिवहन की सुविधा के अभाव में घंटों पैदल चलने वाले वनांचल के ग्रामीणों के लिए अब बस सेवा बड़ी राहत बन रही है। सुकमा जिले में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत 9 रूटों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। इससे दूरस्थ और संवेदनशील इलाकों के गांव सीधे जिला मुख्यालय और प्रमुख मार्गों से जुड़ रहे हैं। सबसे ज्यादा फायदा स्कूली और कॉलेज छात्रों, मजदूरों, किसानों और छोटे कारोबारियों को मिल रहा है।

जिले में सुकमा-बड़ेसट्टी, गादीरास-ओलेर, दोरनापाल-कोतापल्ली, कोंटा-गोलापल्ली, पुसपाल-सुकमा, चिंतागुफा-मरईगुड़ा, जगरगुंडा-कोंटा और चिंतलनार-सुकमा समेत 9 मार्गों पर बसें संचालित हो रही हैं। इन मार्गों से जुड़े कई गांव पहले सार्वजनिक परिवहन की नियमित सुविधा से दूर थे।

पढ़ाई के लिए अब शहर पहुंचना आसान

बस सेवा शुरू होने से अंदरूनी इलाकों के विद्यार्थियों के लिए स्कूल और कॉलेज तक पहुंचना आसान हुआ है। पहले परिवहन की कमी के कारण छात्रों को पैदल या निजी साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब नियमित बस मिलने से वे समय पर शिक्षण संस्थानों तक पहुंच पा रहे हैं।

वहीं ग्रामीण इन बसों का इस्तेमाल हाट-बाजार, अस्पताल, सरकारी कार्यालय और रोजमर्रा के कामों के लिए भी कर रहे हैं। मजदूरों और किसानों को अपनी उपज तथा जरूरत का सामान लेकर आने-जाने में भी सुविधा मिल रही है।

नियद नेल्लानार के गांवों को भी जोड़ रही सेवा

नियद नेल्लानार अभियान के तहत अंदरूनी क्षेत्रों में सडक़, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इसी कड़ी में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलने से इन इलाकों के ग्रामीणों को मुख्यधारा से जुडऩे का एक और माध्यम मिला है। प्रशासन का दावा है कि योजना से ग्रामीणों के समय और परिवहन खर्च में कमी आई है।

जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में बसों का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। दूरस्थ गांवों तक नियमित परिवहन पहुंचने से ग्रामीणों के लिए शिक्षा, रोजगार, बाजार और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान हुई है।


अन्य पोस्ट