सुकमा
मवेशी का शिकार, वन विभाग अलर्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 24 सितंबर। सुकमा जिले के वन क्षेत्रों में एक बार फिर बाघ की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। जंगल से लगे इलाके में एक मवेशी की मौत के बाद घटनास्थल पर बाघ के पगमार्क मिलने से वन विभाग में हडक़ंप मच गया है। विभाग ने तत्काल पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी करते हुए निगरानी बढ़ा दी है।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने जंगल में एक मवेशी के शव को पड़ा देखा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर मवेशी के शरीर पर बाघ के हमले के निशान और आसपास पंजों के स्पष्ट निशान मिले। पगमार्क के आधार पर वन विभाग ने बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की है।
बाघ की लोकेशन और मूवमेंट को ट्रैक करने के लिए विभाग ने व्यापक तैयारी की है। जंगल के संवेदनशील रास्तों और पानी के स्रोतों के पास 15 ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। पगमार्क की लगातार ट्रैकिंग की जा रही है। वन अमले की अलग-अलग टीम बनाकर सुबह-शाम गश्त की जा रही है।
वन अधिकारियों ने बताया कि कैमरों में बाघ की तस्वीर कैद होते ही उसकी पहचान और आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बाघ की मूवमेंट को देखते हुए वन विभाग ने कोयाबेकुर, नीलावरम, फूलबगड़ी और केरलपाल पंचायतों के जंगलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। इन क्षेत्रों में मुनादी कर ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों के लिए एडवाइजरी जारी की है -
- शाम 4 बजे के बाद कोई भी व्यक्ति जंगल या खेतों की ओर न जाए।
- मवेशियों को जंगल में खुला न छोड़ें, उन्हें बाड़े में सुरक्षित रखें।
- अकेले जंगल में लकड़ी या पत्ता लेने न जाएं, समूह में जाएं।
- जंगल में बाघ दिखने या दहाड़ सुनाई देने पर तुरंत वन विभाग या ग्राम कोटवार को सूचना दें।
फिलहाल वन विभाग की टीम पूरी तरह से अलर्ट पर है और बाघ की निगरानी कर रही है।