सुकमा

कांग्रेस का हल्ला बोल, घर-घर जाकर संपर्क
19-Sep-2026 9:36 AM
कांग्रेस का हल्ला बोल, घर-घर जाकर संपर्क

हस्ताक्षर अभियान शुरू, बिल बढ़ोतरी से आक्रोश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 18 सितंबर। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी के निर्देश पर नगर कांग्रेस सुकमा ने स्मार्ट मीटर के विरोध में अभियान तेज कर दिया है। नगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज वार्ड क्रमांक 15 में स्मार्ट मीटर धारियों के घर-घर जाकर जनसंपर्क शुरू किया।

कार्यकर्ताओं ने सुबह से घर-घर जाकर लोगों को स्मार्ट मीटर से हो रही परेशानियों के बारे में बताया और विरोध फॉर्म भरवाकर हस्ताक्षर लिए। लोगों को बताया गया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिल दोगुना-तिगुना आ रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले जहां 400-500 रुपये तक बिल आता था, वहीं अब 1500 रुपये से अधिक बिल आ रहा है। बड़ी संख्या में वार्डवासियों, विशेषकर महिलाओं ने पुराने मीटर को वापस लगाने की मांग की।

इस दौरान नगर के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। नगर कांग्रेस अध्यक्ष, पार्षद गण, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और वार्ड अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। नगर कांग्रेस ने कहा कि यह अभियान सभी वार्डों में चलाया जाएगा और हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से शासन को सौंपा जाएगा।


अन्य पोस्ट