सुकमा
कांग्रेस की प्रेस वार्ता, रखी 5 सूत्रीय मांगें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 15 सितंबर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की मुख्य परीक्षा 2024 और 2025 में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा द्वारा प्रेस क्लब सुकमा में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी के निर्देश पर आयोजित इस वार्ता में पार्टी पदाधिकारियों ने अपनी मांगें रखीं।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन बाबा ने बताया कि वर्ष 2025 की परीक्षा के 265 पदों हेतु नियमानुसार 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना था, जबकि 608 अभ्यर्थियों को ही आमंत्रित किया गया।
उन्होंने वर्ष 2024 की मुख्य परीक्षा की उत्तर-पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में अनियमितता और गोपनीयता भंग होने का आरोप लगाया।
कांग्रेस की 5 प्रमुख मांगें-वर्ष 2025 के साक्षात्कार प्रक्रिया को तत्काल स्थगित किया जाए। साक्षात्कार से पूर्व सभी उत्तर-पुस्तिकाओं को सार्वजनिक किया जाए। समस्त अभ्यर्थियों को उत्तर-पुस्तिकाओं की प्रति नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाए। सभी विषयों के मॉडल उत्तर जारी किए जाएं। उत्तर-पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराकर 1-3 के नियमानुसार साक्षात्कार आयोजित किया जाए।
इस प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस, नगर कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।