सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 7 सितंबर। सुकमा पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल और कफ सिरप के साथ एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कैप्सूल और सिरप बरामद किया गया है। जब्त नशीले पदार्थ, बाइक और मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा से एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में नशीली सिरप और गोलियां लेकर सुकमा शहर में बिक्री के लिए आने वाला है।
सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली के थाना प्रभारी रोशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुम्हारपारा के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेंद्र बिस्वास गोविंद बिस्वास ओडिशा बताया।
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद कार्टन की जांच की, जिसमें 720 नग कैप्सूल और 108 नग सिरप बरामद हुए।
आरोपी इन नशीले पदार्थों के परिवहन और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थों के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया।
आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन और इससे जुड़े बड़े तस्करों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, अब तक 24 अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 31 लाख 77 हजार 650 रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं।