सुकमा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संग प्रभावितों ने डीएफओ के नाम सौंपा ज्ञापन
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सुकमा, 3 सितंबर । सुकमा जिले के गंजेनार ग्राम पंचायत अंतर्गत वन ग्राम कस्तूरी में वन अधिकार पट्टा प्राप्त भूमि पर वन विभाग द्वारा किए जा रहे पौधारोपण के विरोध में ग्रामीणों ने मोर्चा खोला है। जिला कांग्रेस कमेटी सुकमा के अध्यक्ष हरीश कवासी के नेतृत्व में प्रभावित ग्रामीणों ने वन मंडल कार्यालय (डीएफओ कार्यालय) पहुंचकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई और ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस भूमि पर वे लंबे समय से काबिज हैं और जिसके लिए शासन द्वारा विधिवत वन अधिकार पत्र (पट्टा) जारी किया गया है, उस पर वन विभाग द्वारा पौधारोपण किया जा रहा है।
डीएफओ से फोन पर हुई चर्चा
ज्ञापन सौंपने के दौरान डीएफओ के कार्यालय में अनुपस्थित होने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश कवासी ने उनसे दूरभाष पर चर्चा की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अनुसार, डीएफओ ने विषय को संज्ञान में लेते हुए मुख्यालय लौटते ही मामले की जांच कराने और यथोचित निराकरण का आश्वासन दिया है।
हरीश कवासी ने कहा कि विभाग की इस कार्रवाई के कारण स्थानीय ग्रामीण अपनी ही पट्टा भूमि पर कृषि कार्य करने से वंचित हो रहे हैं, जिससे उनके जीविकोपार्जन पर असर पड़ रहा है।
प्रमुख मांगें: वन अधिकार पट्टा भूमि पर चल रहे वृक्षारोपण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। ग्रामीणों को उनकी आवंटित भूमि पर बेरोकटोक खेती करने की अनुमति दी जाए, आदिवासियों के विधिक अधिकारों का हनन करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर जवाबदेही तय हो।
इस दौरान बड़ी संख्या में प्रभावित ग्रामीण और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।