सुकमा
व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल, कलेक्टोरेट में ज्ञापन सौंपने की तैयारी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सुकमा, 3 सितंबर। सुकमा जिले के छिंदगढ़ ब्लॉक स्थित गंजेनार कन्या आश्रम की व्यवस्थाओं और छात्राओं की सुरक्षा के मुद्दे पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी के नेतृत्व में कांग्रेस ने एक प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन और शिक्षा विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत कलेक्टर से करने और ज्ञापन सौंपने की जानकारी दी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी ने आरोप लगाया कि गंजेनार कन्या आश्रम में पिछले दो महीनों से 50 से अधिक छात्राएं अनुपस्थित हैं, लेकिन विभागीय स्तर पर केवल कागजों में आश्रम का संचालन दिखाया जा रहा है।
हरीश कवासी ने आगे कहा कि आश्रम के नए भवन का निर्माण कार्य पिछले कई वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है, जिसके कारण छात्राओं को पुराने भवन में रहना पड़ रहा है।ज्ज् उन्होंने इस स्थिति के लिए छिंदगढ़ के मंडल संयोजक, खंड शिक्षा अधिकारी और संबंधित निर्माण एजेंसी को जिम्मेदार ठहराया। कवासी ने दावा किया कि च्च्आश्रम की अधीक्षिका द्वारा वर्ष 2024 से लगातार विभाग को पत्र लिखकर भवन मरम्मत और अपना स्थानांतरण करने की मांग की जा रही थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया।
कांग्रेस नेताओं ने अधीक्षिका पर हुई विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि असली जिम्मेदार ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय केवल अधीक्षिका को हटाकर जांच बैठाई गई है, जो कि न्यायसंगत नहीं है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने 4 सूत्रीय मांगें रखीं। भवन निर्माण का कार्य अटकाने वाले ठेकेदार और निर्माण एजेंसी पर प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाए और उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। छिंदगढ़ के मंडल संयोजक और बीईओ की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उन्हें निलंबित किया जाए। अधीक्षिका के खिलाफ की गई कार्रवाई को निरस्त कर उन्हें पद पर बहाल किया जाए।
आश्रम में छात्राओं की उपस्थिति, सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण भोजन, शिक्षा और नए भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए।
हरीश कवासी ने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधितों पर कार्रवाई नहीं की जाती है, तो जिला कांग्रेस कमेटी आंदोलन करेगी। इस प्रेस वार्ता में कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।