सुकमा

एरियर्स के लिए रिश्वत लेते बीईओ गिरफ्तार
03-Sep-2026 5:57 PM
एरियर्स  के लिए रिश्वत लेते बीईओ गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा/कोंटा, 3 सितंबर
। शिक्षक की पत्नी के करीब 16 लाख रुपए के एरियर्स भुगतान से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर करने के एवज में कथित तौर पर 5 प्रतिशत कमीशन की मांग करना विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को भारी पड़ गया। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को कोंटा स्थित बीईओ कार्यालय में कार्रवाई करते हुए बीईओ चंद्र कुमार यारदा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, एरियर्स की कुल राशि करीब 16 लाख रुपए थी और फाइल पर हस्ताक्षर के बदले बीईओ द्वारा 5 प्रतिशत कमीशन की मांग की गई थी। इस हिसाब से कथित कमीशन की रकम करीब 80 हजार रुपए बैठती थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी जगदलपुर की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की कार्रवाई की।

एक महीने से फाइल पर हस्ताक्षर के लिए लगा रहे थे चक्कर
जानकारी के मुताबिक, मिसमा निवासी शिक्षक कवासी मंगलराम वर्तमान में प्री-मैट्रिक बालक छात्रावास, दोरनापाल में पदस्थ हैं। उनकी पत्नी प्राथमिक शाला चिछोरगुड़ा में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में कन्या आश्रम, दुब्बाटोटा में अधीक्षिका के रूप में पदस्थ हैं।
बताया गया कि उनकी पत्नी वर्ष 1991 से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रही हैं। लंबे समय से लंबित एरियर्स प्रकरण में विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 16 लाख रुपए की राशि निर्धारित हुई थी। भुगतान संबंधी फाइल को आगे बढ़ाने के लिए बीईओ के हस्ताक्षर आवश्यक थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वह करीब एक महीने से फाइल पर हस्ताक्षर कराने के लिए बीईओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। इसी दौरान उनसे एरियर्स राशि का 5 प्रतिशत कमीशन मांगा गया। करीब 80 हजार रुपए की मांग होने के बाद उन्होंने मामले की शिकायत एसीबी के जगदलपुर कार्यालय में की।
शिकायत का सत्यापन, फिर बिछाया गया जाल
शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते पकडऩे की योजना बनाई। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एसीबी की टीम तीन-चार वाहनों से कोंटा स्थित बीईओ कार्यालय पहुंची। योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता को 10 हजार रुपए लेकर आरोपी अधिकारी के पास भेजा गया। जैसे ही बीईओ चंद्र कुमार यारदा ने कथित रूप से रिश्वत की रकम स्वीकार की, मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने बीईओ कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, रिकॉर्ड और संबंधित एरियर्स फाइल की भी जांच की। देर शाम तक कार्यालय में एसीबी की कार्रवाई जारी रही।
रिश्वत लेते पकड़े गए बीईओ चंद्र कुमार यारदा को कार्रवाई के बाद कोंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी के डीएसपी रमेश मरकाम ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले का सत्यापन कराया गया था। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपी के विरुद्ध धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

शिकायतकर्ता कवासी मंगलराम का कहना है कि उनकी पत्नी के एरियर्स का मामला लंबे समय से लंबित था। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद फाइल पर हस्ताक्षर नहीं हो रहे थे। कमीशन की मांग के बाद उन्होंने एसीबी से शिकायत की, जिसके आधार पर यह कार्रवाई हुई।


अन्य पोस्ट