सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 25 अगस्त। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर मंगलवार को सुकमा जिला मुख्यालय में शिक्षकों ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन एवं रैली का आयोजन किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सूरज कश्यप को मुख्यमंत्री के नाम 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मोर्चा के जिला संचालक आशीष राम एवं उमेंद गोटी ने बताया कि शिक्षक हित से जुड़ी मांगों को लेकर शासन के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने मांगें पूरी न होने पर आगामी रणनीति के तहत चरणबद्ध आंदोलन करने की बात कही है।
मोर्चा द्वारा ज्ञापन में 5 प्रमुख मांगें रखी गई हैं- कार्यरत शिक्षकों को सेवा सुरक्षा एवं पदोन्नति हेतु शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता से राहत दी जाए। पूर्व सेवा अवधि की गणना करते हुए पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अन्य सेवा लाभ प्रदान किए जाएं। वेतन विसंगति को दूर करते हुए केंद्रीय वेतनमान के समान दर लागू की जाए। 13 फरवरी 2026 को जारी भर्ती तथा पदोन्नति नियमों में संशोधन किया जाए। अप्रशिक्षित शिक्षकों की सेवा सुरक्षा के लिए शासन स्तर पर ब्रिज कोर्स के माध्यम से बीएड की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।