सुकमा

मलेरिया से बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
21-Aug-2026 11:09 PM
मलेरिया से बच्ची की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 21 अगस्त। सुकमा जिले के कोंटा में मलेरिया से पीडि़त चौथी कक्षा की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंटा पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।

दो दिन तक कोंटा में रखा, फिर सुकमा भेजा, रास्ते में तोड़ा दम

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बच्ची कोंटा क्षेत्र की निवासी थी और चौथी कक्षा में पढ़ती थी। मलेरिया से पीडि़त होने पर परिजन उसे दो दिन पहले कोंटा अस्पताल लेकर आए थे। आरोप है कि दो दिन तक कोंटा अस्पताल में भर्ती रखने के बाद भी बच्ची की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। तीसरे दिन अचानक तबीयत ज्यादा बिगडऩे पर अस्पताल प्रबंधन ने उसे सुकमा जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन सुकमा ले जाते समय रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।

बच्ची की मौत के बाद गुस्साए परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण कोंटा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था और इलाज को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर सही इलाज और सुकमा रेफर किया जाता तो बच्ची की जान बच सकती थी।

परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी कर्मचारियों/ अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि कोंटा जैसे अंदरूनी क्षेत्र में मलेरिया के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन अस्पताल में न तो पर्याप्त दवाइयां हैं और न ही विशेषज्ञ डॉक्टर।


अन्य पोस्ट