सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 21 अगस्त। गुरुवार को ग्राम पंचायत गुम्मा में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीश कवासी ने की।
जयंती कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया एवं उनके योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर गांव के वरिष्ठ नागरिकों, वरिष्ठ जनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का शाल व श्रीफल भेंट कर विशेष सम्मान किया गया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के परिसर में जिलाध्यक्ष हरीश कवासी व कांग्रेस नेताओं द्वारा पौधरोपण किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों और युवाओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हरीश कवासी ने राजीव गांधी के आधुनिक भारत के निर्माण में दिए गए योगदान और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने के उनके प्रयासों को याद किया। इस अवसर पर कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष, पार्टी के वरिष्ठ नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।