सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 20 अगस्त। छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर के निर्देशानुसार तथा जिला शिक्षा अधिकारी सुकमा जी.आर. मंडावी के मार्गदर्शन में 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के अंतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन पीएम सेजेस शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा में किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 155 विज्ञान व गणित विषय के शिक्षकों एवं व्याख्याताओं ने भाग लिया।
कार्यशाला का मुख्य विषय सतत विकास के लिए विज्ञान और नवाचार रखा गया था, जिसके तहत पांच उप-विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिक्षकों को विद्यार्थियों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं की पहचान कर वैज्ञानिक व नवाचार आधारित समाधान विकसित कराने का प्रशिक्षण दिया गया। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के अंतर्गत परियोजना चयन, ऑनलाइन पंजीयन, शोध प्रक्रिया और प्रस्तुतीकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए 10 से 14 वर्ष (जूनियर वर्ग) तथा 14 से 17 वर्ष (सीनियर वर्ग) के विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीयन 31 अगस्त 2026 तक किया जाना अनिवार्य है।
कार्यशाला का शुभारंभ विकासखंड शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र भदोरिया एवं प्राचार्य एस.आर. नेताम ने किया।
जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मंडावी ने शालाओं में विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए।
जिला शैक्षिक समन्वयक राकेश सिंह, मनमोहन सिंह ठाकुर, भारती कश्यप, चंद्रशेखर यदु और अनिरुद्ध मिश्रा ने विभिन्न उप-विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
जिला समन्वयक जगदीश्वर राव ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी, जबकि अमित नेताम ने ऑनलाइन पंजीयन से जुड़ी तकनीकी प्रक्रिया प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता अनिल पाल ने किया तथा अंत में शिक्षक लोकनाथ साहू ने आभार व्यक्त किया।