सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 13 अगस्त। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना लेकर उनके बड़े भाई कुमार जयदेव लेले माता एवं बमनदेई की शरण में पहुंचे।
कुमार जयदेव के पाकेला पहुंचते ही कूकानार, रोकेल, झापरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।
ग्रामीणों के बीच किरण देव को लेकर एक अलग ही अपनापन देखने को मिला। कोई उनके जल्द स्वस्थ होने की बात कर रहा था, तो कोई स्थानीय देवी-देवताओं के समक्ष उनकी सलामती की प्रार्थना कर रहा था। ग्रामीणों के बीच बार-बार यही भाव सामने आया कि ‘हमारे छोटे बाबा जल्द स्वस्थ होकर वापस आएं।’
इसके बाद सिरहा, पेरमा एवं पुजारियों की मौजूदगी में लेले माता, बमनदेई सहित स्थानीय देवी-देवताओं की विधि-विधान और पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की गई। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्रार्थना करते हुए किरण देव के शीघ्र स्वस्थ होने और उनकी लंबी उम्र की कामना की।
कुमार जयदेव ने कहा कि किरण देव के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय देवी-देवताओं की पूजा कर उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की गई है। ग्रामीणों का यह प्रेम, विश्वास और अपनापन उनके परिवार के लिए बेहद भावुक क्षण है।
इस दौरान सुकमा से बिस्वराज चौहान, राजेश नारा, दर्जनों सिरहा, कूकानार से संजय सिंह भदौरिया, पाकेला सरपंच मिथिलेश, रोकेल के घेंनवा राम, मांझी, चालाकी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।