सुकमा
युवाओं की मांग पर खेल ग्राउण्ड और बच्चों के लिए बाउंड्रीवाल की तत्काल स्वीकृति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 7 अगस्त। शुक्रवार को कलेक्टर अमित कुमार और पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर ऊबड़-खाबड़ और कीचड़ से भरे रास्तों की परवाह किए बिना जिले के अंतिम छोर पर बसे गांवों में पहुंचे, और बिना किसी शासकीय तामझाम के, इमली के विशाल पेड़ की छांव में चटाई पर बैठकर अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। युवाओं की मांग पर वीराभ_ी में तत्काल खेल मैदान की स्वीकृति, स्कूल परिसरों की बाउंड्रीवॉल, सीसी रोड, बिजली और बोर खनन के निर्देश दिए।
चिंतागुफा, रामाराम और वीराभ_ी जैसी दूरस्थ पंचायतों में आयोजित इस अनूठी ‘चौपाल’ में कलेक्टर ने ग्रामीणों के साथ किसी अपने की तरह समय बिताया। बच्चों की शिक्षा से लेकर रसोई के राशन और तेंदूपत्ता बिक्री के पाई-पाई के हिसाब की जानकारी ली।
जब कलेक्टर ने कहा कि बच्चे आपके हैं, पर उनकी पढ़ाई का सारा खर्च सरकार का है, तो वहां मौजूद हर माता-पिता का चेहरा खिल उठा। बिना किसी बिचौलिए के सीधे बैंक खाते में आ रही शासकीय राशि की व्यवस्था समझाते हुए प्रशासन ने ग्रामीणों को मुख्यधारा और आत्मनिर्भरता से जोडऩे की एक मजबूत नींव रखी।
रामाराम के एक प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान का दृश्य बेहद खास और मानवीय संवेदनाओं से भरा था। जब जिले का सबसे बड़ा प्रशासनिक अधिकारी खुद बच्चों के साथ बैठकर उनसे गिनती और अल्फाबेट सुनने लगा, तो बच्चों की मासूम मुस्कान ने पूरे माहौल को जीवंत कर दिया। बच्चों के सटीक जवाबों ने न सिर्फ कलेक्टर का दिल जीता, बल्कि यह भी साबित किया कि सुविधाओं के अभाव में भी इन दूरदराज के इलाकों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
इस दौरान ग्रामीणों की स्थानीय मजदूरी की मांग को समझते हुए वीबी जी रामजी योजना के तहत 300 रूपये की मजदूरी का भरोसा दिया गया, ताकि रोजी-रोटी के लिए किसी को आंध्र प्रदेश न पलायन करना पड़े।