सुकमा

बीजापुर-सुकमा सीमा पर क्रशर प्लांट का जायजा लेने पहुंचे विधायक मंडावी और कांग्रेस नेता हरीश कवासी
06-Aug-2026 11:13 PM
बीजापुर-सुकमा सीमा पर क्रशर प्लांट का जायजा लेने पहुंचे विधायक मंडावी और कांग्रेस नेता हरीश कवासी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 6 अगस्त। बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी और सुकमा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी ने बीजापुर-सुकमा सीमावर्ती ग्राम तुमलपाड़ पहुंचकर वहां संचालित हो रहे गिट्टी क्रशर प्लांट का निरीक्षण किया तथा स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा की।

चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तुमलपाड़ में स्थापित इस क्रेशर प्लांट के संबंध में न तो कोई ग्राम सभा आयोजित की गई और न ही पंचायत से विधिवत अनुमति ली गई। ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट का संचालन बिना अनुमति के किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में धूल उडऩे, वन कटाई और बारूद से ब्लास्टिंग के कारण समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से इस प्लांट को बंद कराने का आग्रह किया।

स्थानीय स्थिति देखने के पश्चात विधायक विक्रम मंडावी ने राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, आदिवासी क्षेत्रों में बिना ग्राम सभा की सहमति, वन विभाग की एनओसी और पुलिस विभाग की जानकारी या अनुमति के बिना ब्लास्टिंग और क्रेशर प्लांट का संचालन किस आधार पर हो रहा है? यदि प्रशासन के पास इसकी अनुमति नहीं है तो यह प्लांट किसके संरक्षण में चल रहा है?

 उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का नियमों के विपरीत दोहन किया जा रहा है।

सुकमा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी ने आरोप लगाते हुए कहा कि ग्राम सभा और पंचायत से जुड़े नियमों की अनदेखी कर प्राकृतिक संसाधनों को निजी हितों के लिए सौंपा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस क्रेशर प्लांट का संचालन तत्काल बंद नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी द्वारा व्यापक विरोध प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर, सुकमा जिला पंचायत अध्यक्ष सोयम मंगम्मा, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतीया उद्दे, जनपद सदस्य मनोज अवलम, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट