सुकमा

सुकमा के बोधराजपदर जंगल से नक्सल डंप बरामद
05-Aug-2026 3:07 PM
सुकमा के बोधराजपदर जंगल से नक्सल डंप बरामद

बोल्ट एक्शन रायफल और 49 जिंदा कारतूस मिले

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 5 अगस्त। सुकमा जिले के थाना भेज्जी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। ग्राम बोधराजपदर के जंगल से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक डंप बरामद किया गया, जिसमें एक बोल्ट एक्शन रायफल और 49 जिंदा कारतूस सहित अन्य सामग्री मिली है।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रोहित शाह के निर्देशन में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत 3 अगस्त को सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की ई कंपनी और भेज्जी पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष सर्च अभियान चलाया। यह कार्रवाई स्थानीय स्तर पर मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर डीआईजी (ऑप्स) राजेश पाण्डेय तथा 50वीं वाहिनी के सेनानी प्रेमजीत कुमार के मार्गदर्शन में की गई।

सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम एफओबी एलारमडगु से रवाना होकर ग्राम बोधराजपदर के जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कैंप से करीब 2.8 किलोमीटर दूर जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सली डंप बरामद हुआ। बरामद सामग्री में एक .315 बोर बोल्ट एक्शन रायफल, 7.62&39 मिमी के 47 जिंदा कारतूस, 7.62&51 मिमी के 2 जिंदा कारतूस तथा एक एल्यूमिनियम कंटेनर शामिल है।

अभियान सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद सुरक्षा बलों की टीम सुरक्षित एलारमडगु कैंप लौट आई। सुकमा पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा।  पुलिस ने आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नक्सल संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है तथा सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का आश्वासन दिया है।


अन्य पोस्ट