सुकमा

अफसरों ने भारी बारिश के बीच गांव जाकर रुकवाए 2 बाल विवाह
05-Aug-2026 2:39 PM
अफसरों ने भारी बारिश के बीच गांव जाकर रुकवाए 2 बाल विवाह

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

सुकमा, 5 अगस्त। सुकमा जिले में मूसलाधार बारिश और कठिन परिस्थितियों को दरकिनार करते हुए जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने कवासीपारा, फूलबगड़ी पहुंचकर दो बाल विवाहों को समय रहते रोक दिया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सूचना मिलते ही टीम के सदस्यों ने एक पल भी गंवाए बिना गाँव का रुख किया और भीगते हुए मौके पर पहुंचे। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है।

जिला महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने स्थानीय परंपराओं का पूरा सम्मान करते हुए बेहद समझदारी और धैर्य से काम लिया। स्थानीय रीति-रिवाजों के कारण विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अधिकारियों ने परिवारों के साथ शांतिपूर्ण संवाद स्थापित किया। टीम ने ‘बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006’ के कानूनी पहलुओं के साथ-साथ बाल विवाह से बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास पर पडऩे वाले दुष्परिणामों को संवेदनशीलता के साथ समझाया।

प्रशासनिक टीम की आत्मीय और तार्किक समझाइश का सकारात्मक असर हुआ। दोनों परिवारों ने कानून का सम्मान करते हुए बाल विवाह स्थगित करने का फैसला लिया, वहीं बालिकाओं ने भी पढ़ाई-लिखाई और सुरक्षित भविष्य की ओर कदम बढ़ाते हुए इस निर्णय का सहर्ष स्वागत किया। प्रक्रिया को पारदर्शी और वैधानिक रूप देने के लिए मौके पर ही पंचनामा व घोषणा-पत्र तैयार कराया गया।

 


अन्य पोस्ट