सुकमा

तकनीकी त्रुटि को दूर किए बिना वेतन काटने के आदेश का विरोध
28-Jul-2026 10:32 PM
तकनीकी त्रुटि को दूर किए बिना वेतन काटने के आदेश का विरोध

टीचर्स एसो. ने वीएसके ऐप की जगह बायोमेट्रिक प्रणाली की मांग की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 28 जुलाई। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) द्वारा वीएसके ऐप में दर्ज उपस्थिति के आधार पर शिक्षकों का वेतन जारी करने और कम उपस्थिति पर वेतन काटने के निर्देशों का छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने विरोध किया है। संघ ने वेतन जारी करने से पहले शाला की भौतिक शिक्षक उपस्थिति पंजी से सत्यापन करने की मांग की है।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन सुकमा के जिलाध्यक्ष आशीष राम के अनुसार, प्रदेश भर में वीएसके ऐप में तकनीकी त्रुटियां आ रही हैं। उन्होंने बताया कि ऐप में नेटवर्क, लोकेशन और दूरी दर्शाने से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे समय पर विद्यालय पहुंचने वाले शिक्षकों की भी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है।

संघ के प्रतिनिधियों—राजेश यादव, चैतू सेठिया, कोमल देव मरकाम, किरण मरकाम, सोन सिंह कश्यप, फिरोज खान, अशोक मिस्त्री, मनोज पांडे, मेन सिंह धुर्व, राजेन्द्र प्रसाद सिन्हा, दुजाल पटेल और शंकर लाल नेताम सहित अन्य पदाधिकारियों का कहना है कि कई दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क उपलब्ध न होने के कारण ऐप कार्य नहीं कर पा रहा है।

एसोसिएशन का कहना है कि वे ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि ऐप की जगह पूरे प्रदेश में बायोमेट्रिक मशीन के जरिए उपस्थिति दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं।

संस्था प्रमुखों के पास उपलब्ध भौतिक शिक्षक उपस्थिति पंजी में शिक्षक प्रतिदिन हस्ताक्षर कर रहे हैं। अत: केवल ऐप की रिपोर्ट पर वेतन रोकना उचित नहीं है।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने शासन से मांग की है कि ऐप की तकनीकी समस्याओं को दूर किया जाए, शालाओं की भौतिक उपस्थिति पंजी का सत्यापन कराया जाए और पूरे राज्य में बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की जाए।


अन्य पोस्ट