सुकमा
सुकमा, 23 जुलाई। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शनों की कड़ी में छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में भी जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तोंगपाल चौक पर एकत्र हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करते हुए विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार को नीट पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर भी घेरा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन सरकार इन गंभीर समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध की आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई कर रही है।