सुकमा

अति संवेदनशील क्षेत्र जगरगुंडा में भी नहीं रुकी आस्था
18-Jul-2026 9:11 PM
अति संवेदनशील क्षेत्र जगरगुंडा में भी नहीं रुकी आस्था

बरसों से लगातार निकल रही जगन्नाथ की रथ यात्रा

'छत्तीसगढ़ संवाददाता
सुकमा, 18 जुलाई।
सुकमा जिले के अति संवेदनशील क्षेत्र जगरगुंडा गांव में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा इस वर्ष भी संपन्न हुई।
सबसे खास बात ये कि घनघोर नक्सली क्षेत्र होने के बावजूद यह परंपरा एक भी साल नहीं टूटी। भौगोलिक परिस्थितियों और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के बावजूद इस क्षेत्र में रथ यात्रा की यह परंपरा पिछले कई वर्षों से लगातार जारी है।

बरसों से जारी है परंपरा
स्थानीय निवासियों के अनुसार, विगत वर्षों में सुरक्षा कारणों से कटीले तारों के घेरे और विभिन्न चुनौतियों के बीच भी इस गांव में हर साल रथ यात्रा का आयोजन किया जाता रहा है। इस धार्मिक आयोजन में गांव के बच्चे, बुजुर्ग, युवा और महिलाएं एकत्रित होकर पूरे गांव में रथ का भ्रमण कराते हैं।
धार्मिक और सामाजिक समन्वय का रूप सुरक्षा बलों की बढ़ती कैंपों और क्षेत्र में आ रहे बदलावों के बीच अब इस यात्रा में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता बढ़ी है। जिला मुख्यालय से दूर स्थित जगरगुंडा में आयोजित होने वाली यह रथ यात्रा स्थानीय स्तर पर सामाजिक समन्वय और सांस्कृतिक निरंतरता का माध्यम बनी हुई है।

 


अन्य पोस्ट