सुकमा

वन मंत्री के सुकमा आगमन का विरोध, सडक़ पर प्रदर्शन
05-Apr-2026 11:06 PM
वन मंत्री के सुकमा आगमन का विरोध, सडक़ पर प्रदर्शन

तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब तक  बोनस

राशि नहीं मिली -राजेश नाग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 5 अप्रैल। बस्तरिया राज युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश नाग के नेतृत्व में वन मंत्री केदार कश्यप के सुकमा आगमन के दौरान विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने काला झंडा दिखाकर तेंदूपत्ता संग्राहकों को वर्ष 2021-22 का बोनस नहीं मिलने का मुद्दा उठाया।

राजेश नाग ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को अब तक बोनस राशि नहीं मिली है। उन्होंने इस स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि आदिवासी समुदाय के लोगों को भुगतान नहीं होना चिंता का विषय है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए सडक़ पर गतिविधि रही। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बस में बैठाकर कोतवाली ले जाया। पूर्व विधायक एवं बस्तरिया राज मोर्चा के संयोजक मनीष कुंजाम ने भी इस मामले में शिकायत किए जाने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद जांच एजेंसियों द्वारा कार्रवाई की गई।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बोनस राशि का भुगतान नहीं किया गया तो वन विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस दौरान वेट्टी देवा, उमेश मरकाम, देवा नाग, शैलेंद्र मडकम, अरविंद मडकम, मुया कुडामी, दीपक मरकाम, दुला रवा, मुक्का नाग और एर्रा नाग उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट